अजमेर रेंज आई जी ने किया वृत्त कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण*

केकड़ी 21 अप्रैल (पवन राठी )*
*अजमेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस (आईजी) राजेन्द्र सिंह ने आज केकड़ी वृत कार्यालय और सिटी थाने का निरीक्षण किया, जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।निरीक्षण के बाद आईजी ने पुलिस अधिकारियों की अपराध गोष्ठी ली, जिसमें कानून व्यवस्था बनाए रखने और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के कड़े निर्देश दिए गए।*

*उन्होंने विशेष रूप से अवैध खनन, मादक पदार्थों की तस्करी और साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर काम करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान महानिरीक्षक राजेन्द्र सिंह ने कहा कि हम वार्षिक निरीक्षण के क्रम में यहां उपस्थित हुए हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य साल भर में पुलिस द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा करना है।*

*इस दौरान जहां भी कार्यप्रणाली में सुधार की गुंजाइश दिखेगी, उसे और बेहतर किया जाएगा। जिले में फिलहाल अच्छा काम चल रहा है और हम पुलिस मुख्यालय के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कर रहे हैं। नवाचार भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा हैं और हमारा प्रयास है कि जनता को सुरक्षित वातावरण मिले।* *इस बैठक में महिलाओं, बच्चों और वंचित वर्गों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर त्वरित जांच करने तथा कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत सीएलजी सदस्यों और पुलिस मित्रों का सहयोग लेने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मिल, पुलिस उपाधीक्षक हर्षित शर्मा और कई थानों के थानाधिकारी मौजूद रहे।*

Leave a Comment

और पढ़ें