तिलौरा (पुष्कर )कांग्रेस चिंतन शिविर मे भाग लेने पहुंचे राहुल गांधी-एयरपोर्ट पर गहलोत-पायलट ने किया स्वागत; विधायक ने भेंट किया हल*

*केकड़ी -किशनगढ़ 01 जून (पवन राठी )*
*कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार सुबह करीब 11 बजे विशेष विमान से किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे, जहां कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने उनका स्वागत किया. एयरपोर्ट पर सबसे खास तस्वीर तब देखने को मिली जब पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और टोंक विधायक सचिन पायलट ने एक साथ खड़े होकर राहुल गांधी की अगवानी की. इतना ही नहीं, एयरपोर्ट के बाहर पार्क गाड़ी में बैठते समय स्थानीय विधायक और नेताओं ने राहुल गांधी को घेर लिया और उन्हें भेंट स्वरूप हल दिया. राहुल गांधी ने भी उसे हाथ लगाकर स्वीकार किया और फिर फोटो खींचवाने के बाद गाड़ी में बैठकर रवाना हो गएl*

*एयरपोर्ट से विदा होने के तुरंत बाद पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा- ‘आज किशनगढ़ एयरपोर्ट पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का स्वागत किया. राजस्थान की पावन भूमि पर आपका हार्दिक स्वागत एवं अभिनन्दन है.’ राहुल गांधी यहां पुष्कर के तिलोरा में आयोजित कांग्रेस के दो दिवसीय चिंतन शिविर के समापन सत्र में भाग लेने पहुंचे हैंl*

*थोड़ी देर पहले गहलोत ने केंद्र पर साधा था निशाना*
*राहुल गांधी के अजमेर आगमन से ठीक पहले गहलोत ने अजमेर सर्किट हाउस में एक प्रेस वार्ता आयोजित की थी. इसमें उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कई गंभीर सवाल दागे थे. गहलोत ने कहा था कि वर्ष 2047 में भारत को विश्वगुरु बनाने के दावों पर जवाब केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही दे सकते हैं, क्योंकि तब तक कौन जीवित रहेगा यह किसी को नहीं पता. काला धन और रोजगार जैसे पुराने वादे आज तक अधूरे हैं. इस दौरान NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में आ रही गड़बड़ियों पर चिंता जताते हुए भी गहलोत ने कहा कि इससे देश के 1 करोड़ से अधिक छात्रों का भविष्य अधर में लटका है. सरकार को परीक्षा प्रणाली पारदर्शी बनानी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में केंद्र सरकार द्वारा की जा रही ट्रेड डील देश के हित में नहीं है. राहुल गांधी लगातार इन राष्ट्रीय मुद्दों को उठा रहे हैंl*

Leave a Comment

और पढ़ें