**केकड़ी: वैष्णव बैरागी समाज प्रथम चौमालिस की बैठक आयोजित, सामूहिक विवाह में 11 जोड़ों को भेंट किए जाएंगे पेडेस्टल फैन**

**केकड़ी 05अप्रैल (पवन राठी )*
*स्थानीय वैष्णव छात्रावास, केकड़ी में रविवार, 5 अप्रैल 2026 को ‘वैष्णव बैरागी समाज प्रथम चौमालिस’ की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक समाज के अध्यक्ष श्री प्रह्लाद दास जी रामपुरा की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें समाज हित से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा कर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए।*
*बैठक की शुरुआत में कोषाध्यक्ष प्रकाश चंद्र वैष्णव केकड़ी ने गत 1 मार्च 2026 को हुई पिछली बैठक की कार्यवाही का पठन किया गया और उस पर विचार-विमर्श कर सहमति जताई गई। इसके पश्चात् निम्नलिखित दो प्रमुख प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गईl*
**सामूहिक विवाह सम्मेलन में सहयोग का निर्णय:**
*बैठक का सबसे प्रमुख मुद्दा वैष्णव छात्रावास में आयोजित होने वाले आगामी सामूहिक विवाह सम्मेलन में समाज की ओर से दिए जाने वाले सहयोग को लेकर रहा। सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल होने वाले 11 नवविवाहित जोड़ों को ‘प्रथम चौमालिस’ की ओर से एक-एक 16 इंच का पेडेस्टल फैन (Pedestal Fan) उपहार स्वरूप भेंट किया जाएगा।*
**बाहरी सहयोग को लेकर लिया गया अहम फैसला:**
*समाज की एकता और संगठन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक और महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि यदि कोई भी सदस्य ‘वैष्णव बैरागी समाज प्रथम चौमालिस’ के बाहर किसी भी प्रकार का व्यक्तिगत सहयोग या दान करता है, तो उसे वह सहयोग राशि ‘वैष्णव बैरागी समाज प्रथम चौमालिस’ के कोष में भी जमा करानी होगी।*
*इस अवसर पर समाज के कई गणमान्य लोग और पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में चंद्र प्रकाश जी जूनिया बनवारी, चतुर्भुज जी तस्वारिया,प्रह्लाद दास, हीरादास जी, नंदकिशोर, जगदीश, सत्यनारायण, फतेहलाल, महावीर प्रसाद, महावीर जी कन्नौज, रामराज जी, प्रदीप जी और गोपाल जी सहित उपस्थित सभी सदस्यों ने रजिस्टर में अपने हस्ताक्षर कर इन प्रस्तावों पर अपनी सहमति दर्ज की।*

Leave a Comment