*केकड़ी 29 मार्च (पवन राठी )*
*केकड़ी को पुनः जिला बनाए जाने की मांग को लेकर संघर्षरत बार संगठन केकड़ी का आंदोलन अब आस्था के मार्ग पर भी पहुंच गया है।* *इसी क्रम में बार एसोसिएशन केकड़ी का एक प्रतिनिधिमंडल गिरिराज परिक्रमा के लिए पहुंचा, जहां उन्होंने गिरिराज धरण पैदल परिक्रमा कर विशेष प्रार्थना कर केकड़ी को फिर से जिला घोषित करने की कामना की।*
*इस अवसर पर अध्यक्ष सीताराम कुमावत ने बताया कि पिछले डेढ़ वर्ष से अधिवक्ता लगातार केकड़ी को पुनः जिला बनाने की मांग को लेकर केकड़ी कोर्ट परिसर में धरना दे रहे हैं। साथ ही हर माह की 28 तारीख को ब्लैक डे मनाकर सरकार का विरोध जताया जा रहा है। पूर्व बार अध्यक्ष राम अवतार मीणा ने कहा कि लंबे समय से चल रहे शांतिपूर्ण आंदोलन के बावजूद सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं होना बेहद निराशाजनक है। ऐसे में अब अधिवक्ता भगवान की शरण में पहुंचकर प्रार्थना कर रहे हैं कि प्रदेश की भजनलाल सरकार को सद्बुद्धि मिले और केकड़ी को पुनः जिला घोषित किया जाए, जिससे क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।*
*वहीं पूर्व बार अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़ ने सरकार के निर्णय को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि केकड़ी जिला बनने के सभी मापदंडों पर खरा उतरता है। इसके बावजूद इसे जिला विहीन करना न केवल क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय है, बल्कि इससे विकास की गति भी प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि इस फैसले को बदलवाने और सरकार को जनभावनाओं से अवगत कराने के लिए अधिवक्ता अब हर संभव प्रयास कर रहे हैं।*
*प्रतिनिधिमंडल ने गिरिराज धरण के समक्ष सामूहिक रूप से प्रार्थना करते हुए केकड़ी को पुनः जिला बनाने की मांग दोहराई और क्षेत्र की खुशहाली एवं विकास की कामना की।* *अधिवक्ताओं ने विश्वास जताया कि जल्द ही सरकार जनभावनाओं का सम्मान करते हुए सकारात्मक निर्णय लेगी और केकड़ी को उसका खोया हुआ जिला दर्जा वापस मिलेगा।* *प्रतिनिधि मंडल में गजराज सिंह शिव प्रताप सिंह, अर्जुन सिंह, नरेंद्र लोधा, धर्मेंद्र सिंह राठौड़, योगेंद्र सिंह, उदय सिंह राठौड़, मनोहर सिंह, मनमोहन सिंह आदि शामिल थे।*













