*
राजस्थान प्रशासनिक सेवा में बड़ा फेरबदल: 187 अधिकारियों के तबादले, केकड़ी को मिला नया उपखण्ड अधिकारी*
*राजस्थान सरकार के कार्मिक विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा फेरबदल करते हुए राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के 187 अधिकारियों का स्थानांतरण और पदस्थापन राज्यहित में तुरंत प्रभाव से कर दिया है। संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह द्वारा जारी इस आदेश में कई महत्वपूर्ण विभागों, जिला और उपखण्ड स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।*
*केकड़ी प्रशासन में बदलाव:* *सुरेश कुमार बलाई होंगे नए SDM*
*तबादला सूची के अनुसार, केकड़ी में प्रशासनिक नेतृत्व में बदलाव किया गया है। सुरेश कुमार बलाई को केकड़ी का नया उपखण्ड अधिकारी (SDM) नियुक्त किया गया है। इससे पहले श्री बलाई सलूंबर जिले के समेरी में उपखण्ड अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।*
*उल्लेखनीय है कि केकड़ी में पूर्व एसडीएम दीपांशु सांगवान ने अपनी ईमानदार और दबंग कार्यशैली से एक विशेष पहचान बनाई थी। हालांकि, क्षेत्र में प्रशासनिक नियुक्तियों को लेकर चर्चाएं गर्म रहती हैं, विशेषकर पिछले दिनों एक ईमानदार अधिकारी को एपीओ (APO) किए जाने के बाद से जनता की उम्मीदें नए अधिकारी से जुड़ी हुई हैं।*
*सलूंबर और केकड़ी की चर्चा*
*इस तबादले के साथ ही गलियारों में केकड़ी और सलूंबर की तुलनात्मक चर्चा भी शुरू हो गई है। आर्थिक और भौगोलिक दृष्टि से सुदृढ़ होने के बावजूद केकड़ी के जिला दर्जे को लेकर जो राजनीतिक उतार-चढ़ाव रहे हैं, उसके उलट सलूंबर का जिला स्वरूप बरकरार रहने को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोधाभास और चर्चाओं का दौर जारी है।*
*पदोन्नत अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी*
*इस बड़े फेरबदल में तहसीलदार सेवा से राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) में पदोन्नत हुए कई अधिकारियों को भी पहली बार महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति दी गई है। कार्मिक विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को तुरंत अपने नए पदों पर कार्यभार संभालने के निर्देश जारी किए हैं।*









