*श्री चारभुजा नाथ के दरबार में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ*

*श्रद्धाभाव के साथ निकली शोभायात्रा, धर्ममय वातावरण में गूंजे जयकारे*

*कथा व्यास प्रतिनिधि कवि बुद्धि प्रकाश दाधीच करेंगे कथा का वाचन*

*केकड़ी 12 मई (पवन राठी )*
*क्षेत्र की आस्था के प्रमुख केंद्र श्री चारभुजानाथ मंदिर में मंगलवार से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ का श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ शुभारंभ हो गया। आयोजन के प्रथम दिन पुरानी केकड़ी स्थित मातेश्वरी मंदिर में मां जगदंबा एवं श्रीमद्भागवत ग्रंथ की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य कथा के पुनर्जक जनों एवं धर्मप्रेमियों ने पूजा में भाग लेकर मंगलकामनाएं कीं।*
*कथा शुभारंभ के अवसर पर मातेश्वरी मंदिर में मां जगदंबा का विशेष एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया। पुष्पहारों, अशोक पत्तों एवं पारंपरिक सजावट से सुसज्जित माता रानी का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण से आलोकित नजर आया।*
*वहीं गंतव्य स्थल श्री चारभुजानाथ मंदिर में भगवान श्री चारभुजानाथ के विग्रह को विशेष सजावट एवं आकर्षक श्रृंगार से अलंकृत किया गया। धार्मिक सज्जा ने मंदिर परिसर की छटा को और अधिक मनमोहक बना दिया।*
*श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का आयोजन श्री चारभुजानाथ मंदिर के कथा व्यास पंडित मुरलीधर दाधीच के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है। धार्मिक अनुष्ठान पंडित मुरलीधर शास्त्री के सानिध्य में पंडित कृष्ण गोपाल गौतम, गणपत शर्मा सहित अन्य विद्वान ब्राह्मणों द्वारा सम्पन्न करवाए गए। व्यास पीठ प्रतिनिधि एवं भागवत कथा वाचक पंडित कवि बुद्धिप्रकाश दाधीच ने श्रद्धालुओं से पूजा-अर्चना करवाते हुए श्रीमद्भागवत की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया।*
*पूजन के पश्चात बैंड-बाजों, भक्ति गीतों एवं जयकारों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महेश शर्मा एवं उनकी पत्नी प्रभा पंचोली श्रीमद्भागवत ग्रंथ के साथ सम्मिलित हुए। महेश शर्मा ने श्रद्धाभाव के साथ ग्रंथ को सिर पर धारण कर यात्रा का नेतृत्व किया।*
*शोभायात्रा मातेश्वरी मंदिर से प्रारंभ होकर तेजाजी चौक स्थित गोपालजी मंदिर पहुंची। इसके बाद यात्रा बोहरा मंदिर, लोढ़ा चौक होते हुए बड़ गणेश मंदिर की परिक्रमा कर श्री चारभुजानाथ मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर मंगलगीत गाए, वहीं श्रद्धालु भगवान के जयकारों के साथ भक्ति रस में सराबोर नजर आए।*
*कलश यात्रा एवं कथा महोत्सव में धर्मी चंद न्याति, आनन्द सोमाणी, महावीर मूंदड़ा, कृष्ण गोपाल सोनी, जेपी सोनी, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विष्णु शर्मा, महेश शर्मा, हीराचंद खूंटेटा, मुकेश नुहाल, ओमप्रकाश शर्मा, शिव प्रकाश गर्ग, अमित गर्ग, राजेन्द्र बियानी, दिनेश राटा, राकेश तोषनीवाल, गोपाल सोमाणी, अभिषेक बसेर, शैलेन्द्र मेड़तवाल, रामनिवास छीपा, अनिल मंत्री, हरीराम सोमाणी, अवनीश न्याति, जितेंद्र उपाध्याय, हरीश गोपलान, नवल दाधीच, रामेश्वर पाराशर, भगवान बसेर, लक्ष्मण खूंटेटा, ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष मुंशी हरी प्रसाद शर्मा, गोपाल व्यास, गणेश लाल दाधीच, दीपक दाधीच एवं प्रदीप दाधीच, पंकज होतचंदानी, राजेंद्र विजय सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी एवं श्रद्धालु सम्मिलित रहे।*
*मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने विधिवत श्रीमद्भागवत ग्रंथ को सिर पर धारण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इसके पश्चात ग्रंथ की पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। श्री चारभुजानाथ मंदिर के ओसरा पुजारी पंडित रामेश्वर पाराशर द्वारा महाआरती करवाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई।*
*महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की विविध लीलाओं, धर्म, भक्ति एवं सनातन संस्कृति से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंगों का वाचन किया जाएगा।*

Leave a Comment

और पढ़ें