*गौ संरक्षण वास्ते राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री, राज्यपाल के नाम सौंपा गया प्रार्थना पत्र*
*केकड़ी 27अप्रैल (पवन राठी )*
*गो माता के संरक्षण और सम्मान को लेकर चल रहे “गो सम्मान आह्वान अभियान” के तहत सोमवार, 27 अप्रैल 2026 को केकड़ी में प्रभावशाली जनसहभागिता देखने को मिली। अभियान के अंतर्गत शहर के गौ भक्तों,सामाजिक संगठन और क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर माननीय राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं राज्यपाल, मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी दीपांशु सांगवान के माध्यम से प्रार्थना पत्र सौंपा।*
*बढ़ते कदम गौशाल संस्थान के मीडिया प्रभारी महेन्द्र प्रधान ने बताया कि गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत उपखण्ड अधिकारी को प्रार्थना पत्र देने की शुरुआत प्रातः 10:15 बजे अजमेर रोड स्थित बालाजी मन्दिर, तेजाजी महाराज मंदिर परिसर से हुई, जहां बड़ी संख्या में गौ भक्त, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि, युवा, एवं उपखण्ड की गौशाला के प्रतिनिधि एकत्रित हुए।* *यहां से सभी लोग संगठित रूप कवि बुद्धि प्रकाश दाधीच के नेतृत्व में हरि नाम कीर्तन, एवं जय गोपाल जय गौ माता का उदघोष करते हुए अजमेर कोटा मार्ग से मुख्य स्थानों से होते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचे और शांतिपूर्ण तरीके से गो सम्मान आह्वान अभियान का प्रार्थना पत्र को माननीय राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं राज्यपाल, मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी दीपांशु सांगवान के माध्यम से पहुंचाया।*
*प्रार्थना पत्र में गो माता को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने, गोवंश संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाने तथा देशभर में गो सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, गौ हत्या प्रतिबन्ध लगाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि गोवंश भारतीय संस्कृति, कृषि व्यवस्था और धार्मिक आस्था का अभिन्न अंग है, जिसके संरक्षण के लिए समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है।*
*कार्यक्रम के दौरान बढ़ते कदम गौशाला के व्यवस्था प्रमुख आनंदीराम सोमानी ने गो सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन का रूप ले रहा है, जिसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक गो माता के संरक्षण और सम्मान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक यह आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।*
*इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने हाथों में गौ सम्मान के ध्वज लिए और नारों के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं तथा एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम में अनुशासन और शांतिपूर्ण व्यवस्था विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।*
*आयोजकों ने सभी सहभागी गौ भक्तों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की एकजुटता से ही अभियान को मजबूती मिलेगी और जनभावनाएं प्रभावी रूप से शासन तक पहुंचेंगी। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया। प्रार्थना पत्र देने के दौरान रैली में कवि बुद्धि प्रकाश दाधीच, कैलाश माली,केकड़ी गोशाला के अध्यक्ष मदन गोपाल चौधरी, सुरेन्द्र जोशी, अमित गर्ग, एडवोकेट घनश्याम वैष्णव,यशवन्त बेली, हीराचंद खूंटेटा,सुभाष भाल, राजेंद्र फतेहपुरिया, दशरथ साहू, रामावतार चौधरी, रितेश जैन, अनिल राठी, नंद लाल गर्ग, रमेश नुवाल, गुलाब चंद सोमानी, कादेड़ा गोशाला समिति के गोपाल सिंह, केदार शर्मा, अटल शर्मा, बार एसोसिएशन अध्यक्ष सीताराम कुमावत, दिनेश वैष्णव, चंद्र प्रकाश धतरवाल ,रामगोपाल सैनी, बिरदी चंद वैष्णव, कैलाश खंडेलवाल, राजेंद्र बियानी, राकेश तोषनीवाल, मनोज न्याति, मुकेश नूहाल इत्यादि गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेl*
















