*समारोह मे विद्यालय की प्रतिभाओ को किया सम्मानित*
*केकड़ी 29 मार्च (पवन राठी )*
*क्षेत्र के शिक्षण संस्थान द वायब्रेंट एकेडमी विद्यालय, मोलकिया (केकड़ी) में 28 मार्च की सायंकाल वार्षिकोत्सव का भव्य एवं आकर्षक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं आमजन की भागीदारी रही।* *लगभग तीन हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को अत्यंत सफल और यादगार बना दिया।*
*कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अथिति सागर शर्मा व मदन गोपाल चौधरी के आगमन एवं दीप प्रज्वलन सहित सरस्वती पूजन के साथ हुआ।*
*विद्यालय संस्थापक जगदीश स्वरूप मेवाड़ा, प्रबंधक रितिक मेवाड़ा व मुख्य प्रबंधक डॉ. महेन्द्र सिंह डूडी द्वारा मुख्य अतिथियों का साफा पहनाकर, प्रकृति का प्रतीक पोटेड प्लांट व स्मृति चिह्न तथा दुर्गेश सैनी (रेंजर) का भी संस्थान द्वारा साफा, पोटेड प्लांट व स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत व सम्मान किया गया।*
*संस्थान की ओर से स्वागत व परिचय उद्बोधन में अनिल कुमार ने सभी आगन्तुक दर्शकों का* *अभिनन्दन करते हुए प्रतिभाओं को मंच सौंपा इसके पश्चात् सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना के कार्यक्रम प्रारम्भ किया तथा उसके बाद एक के बाद एक सुंदर व प्रभावी प्रस्तुतियाँ दी। जिसमें नन्हे बच्चों द्वारा सभी के स्वागत में वेलकम डांस किया, आज है संडे, इंडिया वाले, आशियाना मेरा, मोबाइल अवेरनेस, शिव तांडव आदि नृत्य तथा राधा-कृष्ण लघु नाटिका, के पश्चात् माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों द्वारा कत्थक, राजस्थानी लोक, छावा, पंजाबी, बंगाली व वर्डकप आदि थीम आधारित दमादार नृत्य प्रस्तुतियाँ रही। महाभारत लघुनाटिका व शिवाजी महाराज साम्राज्य नाटक एवं सामाजिक-सांस्कृतिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।*
*समारोह के दौरान शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई व कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थी को 25% की छात्रवृत्ति प्रदान कराने की घोषणा की। साथ ही ओलम्पियाड प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रथम स्थान 100%, द्वितीय स्थान 90%, तृतीय स्थान 80% स्कॉलरशिप तथा क्रमशः 2100/-, 1100/-, 500/- धनराशि से पुरस्कृत करते हुए प्रमाण-पत्र तथा चतुर्थ स्थान 25% सहित सभी प्रतिभागियों हेतु 10% स्कॉलरशिप व प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह का संचार हुआ।*
*कार्यक्रम में पत्रकारों का भी विशेष सम्मान विद्यालय मुख्य प्रबंधक डॉ. महेन्द्र सिंह डूडी, प्रधानाचार्य एच. पी. मेहता, सीनियर कॉर्डिनेटर डॉ. बी.के. वेष्णव, जुनियर कॉर्डिनेटर अर्पिता तथा हॉस्टल सुप्रिंटेंडेंट करणी सिंह द्वारा किया गया। समाज में उनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका को सराहते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। इसके अतिरिक्त विद्यालय भवन निर्माण में योगदान देने वाले निर्माणकर्त्ताओं को भी मंच पर सम्मानित कर उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।*
*विद्यालय के मुख्य प्रबंधन डॉ. डूडी ने उद्बोधन में विद्यालय के विजन व मिशन प्रस्तुत किये व विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही कहा कि यह विद्यालय क्षेत्र में स्कूलिंग के साथ कॉम्पिटिशन की शिक्षा देने वाला एकमात्र संस्थान है । जहाँ से विद्यार्थियों का भविष्य सरल बनता है।*
*कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे विद्यालय और परिवार के बीच सुदृढ़ संबंधों की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उल्लास और अनुशासन का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।*
*अंत में विद्यालय प्रधानाचार्य मेहता द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।*
*कार्यक्रम में संस्थान के समस्त पदाधिकारीगण, प्रबंधकीय सदस्य, शिक्षक सदस्य, अन्य कर्माचारीगण सहित समस्त विद्यार्थी व अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल और प्रभावी मंच संचालन विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों द्वारा किया गया।*






















