बच्चों और महिलाओं को मिलेगा प्रतिभा निखारने का मंच*
*केकड़ी 17 मई (पवन राठी )*
*सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सदैव अग्रणी रहने वाली भारत विकास परिषद शाखा केकड़ी द्वारा इस वर्ष भी ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान “कला एवं अभिरुचि शिविर (समर कैंप)” का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 21 मई 2026 गुरुवार से प्रारंभ होकर 29 मई 2026 शुक्रवार तक राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, केकड़ी परिसर में आयोजित होगा। परिषद द्वारा आयोजित इस बहुआयामी शिविर में बच्चों, किशोरियों एवं महिलाओं की रचनात्मक प्रतिभाओं को निखारने के लिए विभिन्न प्रशिक्षण सत्र संचालित किए जाएंगे।*
*महिला संयोजिका अंजू विजय ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के माध्यम से प्रतिभागियों को कला, संस्कृति, संगीत, नृत्य एवं हस्तकला से जुड़ी विविध गतिविधियों का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रदान किया जाएगा। परिषद की अंजू शास्त्री ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को मोबाइल और टीवी से दूर कर उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।*
*शिविर में ड्रॉइंग सीनियर, ड्रॉइंग जूनियर, इंग्लिश स्पीकिंग, कर्सिव राइटिंग, डांस सीनियर, डांस जूनियर, ब्यूटीशियन, मेहंदी, नेल आर्ट, ढोलक, सिलाई एवं आर्ट एंड क्राफ्ट जैसी आकर्षक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी प्रशिक्षण सत्र निर्धारित समयानुसार प्रतिदिन आयोजित होंगे तथा प्रत्येक प्रशिक्षण के लिए मात्र 100 रुपये पंजीयन शुल्क निर्धारित किया गया है।*
*परिषद द्वारा जारी सूचना के अनुसार शिविर हेतु पंजीयन 20 मई 2026 बुधवार को सायं 3 बजे से 5 बजे तक शिविर स्थल पर किया जाएगा।* *परिषद ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों को अधिकाधिक संख्या में शिविर से जोड़ें ताकि वे अवकाश का सदुपयोग करते हुए नई कला एवं कौशल सीख सकें।*
*परिषद शाखा के मीडिया प्रभारी दिनेश वैष्णव ने बताया कि अभिरुचि प्रकल्प प्रभारी के रूप में रेखा मंत्री, सरोज साहू, राधा विजय, सुमन जैन एवं सरिता विजय जिम्मेदारी निभाएंगी। शाखा अध्यक्ष बहादुरसिंह शक्तावत, सचिव रामनिवास जैन, कोषाध्यक्ष हीरालाल सामरिया , महिला संयोजिका अंजू विजयवर्गीय ,प्रकल्प प्रभारी रेखा मंत्री सहित परिषद के सदस्य शिविर की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।*










