केकड़ी 13 अप्रैल (पवन राठी )*
*स्थानीय राजकीय महाविद्यालय में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में ‘संविधान जानो’ मुख्य विषय पर विविध प्रतियोगिताओं एवं एक विशेष संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बाबासाहेब के जीवन संघर्ष और भारतीय संविधान के मूल्यों से अवगत कराना था। आयोजन के दौरान महाविद्यालय परिसर में उत्साह देखा गया, जहाँ* *छात्र-छात्राओं ने भाषण प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपनी ओजस्वी वाणी से डॉ. अंबेडकर के विचारों को जीवंत कर दिया। इसके साथ ही संविधान पर आधारित एक प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता भी करवाई गई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता और संवैधानिक ज्ञान का परिचय दिया।*
*कार्यक्रम की मुख्य कड़ी के रूप में आयोजित संगोष्ठी में संस्थान के संकाय सदस्य डॉ नीता चौहान ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बाबासाहेब की प्रेरणादायक जीवनचर्या और उनके सामाजिक दर्शन पर गहराई से प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार संघर्षों के बीच उन्होंने विश्व का *सबसे बड़ा संविधान तैयार किया।* *संस्था के शिक्षक आनन्द पाराशर ने अंबेडकर से जुड़े रोचक प्रसंगों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।इस दौरान महाविद्यालय परिवार से सहायक प्रोफेसर साथी – एकता नेहरा, तनु बसवाल एवं शहजाद अली भी मंच पर उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। विद्यार्थियों में कृष्णा जांगिड़,दशरथ ने अंबेडकर पर अपने विचार व्यक्त किए।वक्ताओं ने संविधान की महत्ता पर जोर देते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया गया।*












